बेलतरा के विकास को मिली 10.82 करोड़ की सौगात
बेलतरा-अकलतरी कॉलेज भवनों के लिए 9.32 करोड़, मंगला में मुक्तिधाम और सामुदायिक भवन के लिए 1.50 करोड़ स्वीकृत



डेस्क खबर बिलासपुर../ बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास को लेकर बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने क्षेत्र में शिक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए 10 करोड़ 81 लाख 68 हजार की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें बेलतरा और अकलतरी के नवीन शासकीय महाविद्यालय भवनों के निर्माण के लिए 9 करोड़ 31 लाख 68 हजार, जबकि मंगला में मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं उद्यान विकास तथा सार्वजनिक सामुदायिक भवन के लिए 1.50 करोड़ शामिल हैं।
कॉलेज भवनों से मजबूत होगा युवाओं का भविष्य
बेलतरा और अकलतरी के शासकीय महाविद्यालय भवनों के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार प्रति महाविद्यालय की स्वीकृति मिली है। करीब 9.32 करोड़ की यह राशि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर और स्थायी शैक्षणिक अधोसंरचना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में केवल महाविद्यालय खोलना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया निवेश आने वाली पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करता है।

मंगला में भी विकास कार्यों को मिली रफ्तार
मंगला क्षेत्र के लिए भी शासन ने 1.50 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसमें 50 लाख मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य तथा 1 करोड़ सार्वजनिक सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए निर्धारित किए गए हैं।
विधायक के अनुसार, जून माह में मंगला में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उनकी मांग पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इन कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। अब शासन स्तर से इसकी स्वीकृति जारी कर दी गई है।
मुक्तिधाम के लिए अब तक 1 करोड़
मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए पूर्व में DMF मद से 50 लाख की राशि स्वीकृत हो चुकी है। अब शासन से मिली नई 50 लाख की स्वीकृति के बाद मुक्तिधाम के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए कुल ₹1 करोड़ की राशि उपलब्ध होगी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि पूर्व में स्वीकृत DMF की ₹50 लाख राशि वर्तमान ₹1.50 करोड़ की शासन स्वीकृति में शामिल नहीं है।
विधायक बोले—अब घोषणा नहीं, जमीन पर दिखेगा विकास
विधायक सुशांत शुक्ला ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन आवश्यक बजट और अधोसंरचना के अभाव में कई योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पाती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार घोषणा को बजट और स्वीकृति से जोड़कर विकास कार्यों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और राज्य शासन का आभार जताते हुए कहा कि बेलतरा विधानसभा में विकास की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।
विधायक ने कहा कि “बेलतरा में अब विकास केवल घोषणाओं की बात नहीं है। घोषणा के बाद स्वीकृति, स्वीकृति के बाद निर्माण और निर्माण के बाद जनता को उसका लाभ मिलेइसी लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।”














