डेस्क खबररायपुर

CG News: पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताकर शेयर करने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर FIR, जानिए क्या है पूरा मामला


डेस्क खबर रायपुर ../ छत्तीसगढ में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर से जुडे एक पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड लिया है। रायपुर के सिविल लाइन थाने में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत के आधार पर की गई है।पुलिस के मुताबिक, दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए एक ऐसे वीडियो को प्रसारित करने का आरोप है, जिसे लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने की शिकायत की गई है। मामले में सोशल मीडिया अकाउंट जेन जी ऑफ इंडिया का नाम भी FIR में शामिल किया गया है।

15 अगस्त को वायरल हुआ था भाजपा झंडे वाला पुराना वीडियो
मामला धमतरी जिले की कुरूद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के एक वीडियो से जुडा है। स्वतंत्रता दिवस के दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे।वीडियो के साथ ऐसी जानकारी साझा की गई कि विधायक ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा का झंडा फहराया। बाद में यह सामने आया कि वीडियो 15 अगस्त का नहीं, बल्कि 22 मार्च को हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का था।यानी जिस वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के दिन का बताकर प्रचारित किया गया, वह कई महीने पुराना था।

विधायक ने खुद शेयर किया था तिरंगा फहराने का वीडियो
विवाद सामने आने के बाद अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से जुडे अपने कई वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। इन पोस्ट के जरिए उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को उन्होंने धमतरी जिला मुख्यालय के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।विधायक का कहना था कि सोशल मीडिया पर भाजपा का झंडा फहराने वाला जो वीडियो दिखाया जा रहा है, वह स्वतंत्रता दिवस का नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पुराने वीडियो को कांग्रेस पार्टी के एक्स अकाउंट से भी साझा किया गया।

शिकायत के बाद FIR में तीन नाम आए सामने
भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की। इस FIR में कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल मंच से जुडी अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और जेन जी ऑफ इंडिया नाम के एक्स अकाउंट को शामिल किया गया है।पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री से जुडे तथ्यों की जांच कर रही है।

अजय चंद्राकर ने पोस्ट कर बताई वीडियो की असल तारीख
विवाद के बीच अजय चंद्राकर ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर वायरल वीडियो को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह के नाम से प्रसारित किया जा रहा वीडियो वास्तव में 22 मार्च को आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है।उन्होंने अपने बयान में स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन उन्होंने धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित सरकारी समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी थी।अब इस मामले में दर्ज FIR के बाद राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है। पुलिस जांच के दौरान यह भी स्पष्ट होगा कि वीडियो किस अकाउंट से साझा हुआ, उसके साथ क्या जानकारी लिखी गई और उसे आगे प्रसारित करने में किन लोगों की भूमिका रही।

error: Content is protected !!