छत्तीसगढ़डेस्क खबर

यदि आपने बना रखा है कोई प्लान तो हो जाए सावधान! बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में बारिश  कई जिलों में आज भी बरसेंगे बादल, जानें अगले 2 दिन का मौसम



डेस्क खबर छत्तीसगढ़ ../  मानसून की सक्रियता बनी हुई है और बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण प्रदेश में बारिश का दौर तेज हुआ है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। रायपुर समेत अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने तापमान में राहत दी है।मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है। अगले दो दिनों तक मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।बारिश के कारण राजधानी में मौसम सुहावना बना रह सकता है और तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।

24 घंटे में कई इलाकों में झमाझम बारिश, सरगुजा और रायपुर संभाग में ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बागबाहरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी पानी गिरा, कई इलाकों में 10 सेमी से ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों में बागबाहरा सबसे आगे रहा। यहां 14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश हुई।आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी बारिश हुई।मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी, जबकि छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी वर्षा दर्ज की गई।तमनार, कुटरू, धाभरा, अंबिकापुर, गोबरा नवापारा, सूरजपुर, घरघोड़ा, पाटन, रायगढ़, बगीचा, दौरा कोचली, करतला, पुसौर, बागभरा और बलरामपुर में 5-5 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम ने बदला मौसम, अगले दिनों में भी जारी रहेगा असर

प्रदेश में बारिश बढ़ने के पीछे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा क्षेत्र में बने मौसम तंत्र को प्रमुख वजह माना जा रहा है।मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में बना अवदाब अब झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ मानसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है।

आज कई इलाकों में तेज बारिश का अनुमान, लोगों को मौसम पर नजर रखने की सलाह

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा भी हो सकती है। ऐसे में बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों में सावधानी बरतना जरूरी होगा।अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बने रहने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

error: Content is protected !!