डेस्क खबर

उम्मीद अस्पताल में मां की हिम्मत ने बदल दिया माहौल ,… ऑपरेशन थिएटर में गूंजा भरथरी, हिम्मत की मिसाल बनीं हेमलता.. वीडियो हुआ प्रसारित .!!



डेस्क खबर बालोद../ एक तरफ जिंदगी दुनिया में आने की तैयारी कर रही थी, दूसरी तरफ मां अपने सुरों से उस पल को अमर बना रही थी। ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों की टीम सिजेरियन डिलीवरी में जुटी थी, लेकिन माहौल में तनाव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी की महक लिए भरथरी के सुर गूंज रहे थे। यह अनोखा और भावुक नजारा बालोद के उम्मीद हॉस्पिटल में देखने को मिला, जहां प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल ने सिजेरियन डिलीवरी के दौरान ही गीत गाना शुरू कर दिया। जिस समय अधिकांश लोग ऑपरेशन के नाम से घबरा जाते हैं, उस समय हेमलता ने अपने हौसले, आत्मविश्वास और कला के प्रति समर्पण का ऐसा परिचय दिया कि ऑपरेशन थिएटर में मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा।


कहते हैं कलाकार की पहचान मंच से होती है, लेकिन हेमलता ने साबित कर दिया कि सच्चा कलाकार हर परिस्थिति में अपनी कला को जीवित रखता है। मां बनने की पीड़ा और खुशी के बीच उन्होंने भरथरी के सुर छेड़े तो मानो पूरा माहौल बदल गया। डॉक्टरों और स्टाफ के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई और तनाव की जगह आत्मविश्वास ने ले ली।


यह केवल एक गीत नहीं था, बल्कि उस मां का साहस था जो अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षण में भी मुस्कुराते हुए जिंदगी का स्वागत कर रही थी। एक तरफ ऑपरेशन चल रहा था, दूसरी तरफ लोकसंस्कृति की मधुर धुनें गूंज रही थीं। मानो छत्तीसगढ़ की लोककला खुद एक नए जीवन के आगमन का स्वागत कर रही हो।
सिजेरियन डिलीवरी के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। वहीं ऑपरेशन थिएटर में गाए गए भरथरी गीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग हेमलता पटेल को सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि साहस, आत्मविश्वास और मातृत्व की मिसाल बता रहे हैं। यह दृश्य बता गया कि हिम्मत हो तो दर्द भी गीत बन जाता है, और मां की मुस्कान हर मुश्किल पर भारी पड़ जाती है।

error: Content is protected !!