डेस्क खबर

एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान अचानक चली गोली… लाइसेंसी पिस्टल की जांच का यह तरीका पड़ा भारी…दो कर्मचारी घायल


————————
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह हथियारों की सुरक्षा जांच के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। मुंबई जाने वाले एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में स्क्रीनिंग ड्यूटी पर तैनात दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है।

पिस्टल खाली दिखाने के दौरान चला दी गोली

घटना उस समय हुई जब यात्री अपनी लाइसेंसी पिस्टल को अनलोडेड साबित करने की कोशिश कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, हथियार की जांच के दौरान यात्री ने ट्रिगर दबा दिया। पिस्टल के चैंबर में पहले से गोली मौजूद थी, जिसके चलते फायर हो गया।गोली नालंदा निवासी रोहित राज के हाथ की अंगुली को घायल करते हुए निकल गई और गया जिले की सुमन कुमारी की जांघ में जा लगी। दोनों कर्मचारी संविदा पर एयरपोर्ट में काम करते हैं।

मैगजीन में दो और बैग में मिले 19 कारतूस

जांच के दौरान सामने आया कि पिस्टल की मैगजीन में दो कारतूस मौजूद थे। इसके अलावा यात्री के बैग से 19 कारतूस बरामद किए गए। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हथियार की जांच के समय प्रशिक्षित कर्मचारी नहीं था मौजूद

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, हथियार की जांच के समय वहां प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद नहीं था। यात्री खुद हथियार को खाली साबित करने के लिए प्रक्रिया कर रहा था।एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने भी माना कि इस मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई। नियमानुसार विमान में यात्रा करने वाले किसी यात्री के हथियार की जांच और उसे स्वीकार करने की प्रक्रिया प्रशिक्षित कर्मचारी की मौजूदगी में होनी चाहिए। यह जिम्मेदारी सीआइएसएफ जवान या एयरलाइंस के प्रशिक्षित कर्मचारी द्वारा निभाई जा सकती है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मांगी रिपोर्ट

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मामले का संज्ञान लिया है और रिपोर्ट मांगी है। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है।

यात्री हिरासत में, लाइसेंस निलंबित करने की तैयारी

पुलिस ने एयरपोर्ट कर्मी सुनील कुमार सिंह की शिकायत पर मामले में केस दर्ज किया है। आजमगढ़ निवासी कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से चोट पहुंचाने और गंभीर चोट से जुड़े प्रावधानों में कार्रवाई शुरू की है।डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति भी करेगी।इस घटना ने एयरपोर्ट पर लाइसेंसी हथियार लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के दौरान प्रशिक्षित कर्मचारियों की मौजूदगी और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की जरूरत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!