डेस्क खबररायपुर

छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का रुख…रायपुर में सुबह से बरस रहे बादल और कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी


———————-
रायपुर : छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए मौसम सिस्टम का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। रायपुर में बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासतौर पर उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम ने बढ़ाई बारिश की संभावना

उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के तटीय क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अधिक सक्रिय हो गया है। यह सिस्टम 15 अगस्त से उसी क्षेत्र में अच्छी तरह चिन्हित कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में मौजूद है।मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होकर अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है।

रायपुर में सुबह से बदला नजर आया मौसम

राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान बादलों से ढका हुआ है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके चलते सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।सोमवार को भी रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कई जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

रविवार को इन इलाकों में जमकर बरसे बादल

पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भैसमा और लवन में सबसे ज्यादा 9-9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। ओडगी में 8 सेंटीमीटर और कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर पानी बरसा। छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।इसके अलावा तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में करीब 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। अब तक के मौसमी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बारिश सामान्य के करीब बनी हुई है और इसमें करीब 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।फिलहाल बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम सिस्टम के कारण अगले तीन दिन छत्तीसगढ़ के लिए बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

error: Content is protected !!