बाल बाल बचा बाइक सवार बुजुर्ग , नाले के तेज बहाव में फंसी बुजुर्ग की बाइक, बाल-बाल बची जान ! जान बचाने के लिए बुजुर्ग के संघर्ष का वीडियो आया सामने .

रिपोर्ट-अरविंद सिंह
डेस्क खबर ../ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। कई जगह सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है। ऐसे में जरा सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। इसका ताजा उदाहरण खोडरी क्षेत्र के बढ़ावनढांड-पीपरखूंटी मार्ग पर देखने को मिला, जहां उफनते खूंटी नाले को पार करने की कोशिश कर रहा एक बुजुर्ग बाइक समेत बहने से बाल-बाल बच गया।
बारिश के बाद खूंटी नाले का जलस्तर बढ़ गया था और तेज बहाव के चलते पानी सड़क के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग बाइक लेकर नाला पार करने लगा। कुछ दूर आगे बढ़ते ही तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। स्थिति बिगड़ते देख बुजुर्ग भी बहने की स्थिति में पहुंच गया। इस दौरान बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए जान बचाने के लिए हाथ पैर मारा और बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को संभाला और बहाव से बाहर निकलने में सफल रहा। इस दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
वीडियो में दिखा खतरनाक मंजर
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग को तेज बहाव के बीच बाइक लेकर नाला पार करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद बारिश के दौरान नदी-नालों को पार करने में बरती जा रही लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बारिश के मौसम में उफनते नदी-नालों का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं। कुछ मिनट की जल्दबाजी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
