डेस्क खबरबिलासपुर

रतनपुर NH पर बड़ा हादसा टला ,बाल बाल बचे बस यात्री,मची चीख पुकार  ! अचानक पुल धंसने से हुआ हादसा ! घटनास्थल का LIVE VIDEO आया सामने ,आवागमन हुआ प्रभावित !



डेस्क खबर बिलासपुर/कोटा./  बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसा झाल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रतनपुर–पेंड्रा नेशनल हाईवे पर स्थित पुल अचानक धंस गया। संयोग अच्छा रहा कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे का घटनास्थल से वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह अचानक पुल बीचों बीच में धंस गया और बस उसमें फंस गई। अचानक हुई इस घटना ने बस में यात्री सहम उठे ।



जानकारी के अनुसार पेंड्रा से बिलासपुर आ रही पुष्पराज बस जैसे ही बांसा झाल स्थित पुल को पार कर रही थी, तभी पुल में अचानक दरार आ गई और उसका एक हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते बस पुल के बीचों-बीच फंस गई तथा उसका अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया। बस में सवार यात्रियों की सांसें थम गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।



घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कुछ सेकंड की देरी एक बड़े जानलेवा हादसे में बदल सकती थी।



पुल धंसने के बाद रतनपुर–पेंड्रा नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुल की तत्काल तकनीकी जांच, मरम्मत तथा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है। वही घंटों यातायात प्रभावित होने के बाद से प्रशासन द्वारा सूचना जारी कर गाड़ियों के निकलने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया गया जिससे यातयात कुछ दुरुस्त होने की खबर मिली है। वही पुलिस और प्रशासन ने भी जनता से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है । घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग पुल की गुणवत्ता व रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

error: Content is protected !!