बीजेपी नेताओं का ऑडियो हुआ वायरल ,चाय नाश्ते को लेकर नेताओं में तीखी बहस ..वायरल ऑडियो ने छत्तीसगढ़ में बढ़ाई सियासी गर्मी!



डेस्क खबर ./ छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस बार मुद्दा महंगाई, विकास या चुनाव नहीं, बल्कि समोसा, जलेबी और चाय बन गए हैं। भिलाई में भाजपा के दो जिलाध्यक्षों के बीच कथित फोन बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में “नाश्ता संग्राम” चर्चा का विषय बन गया है।कथित ऑडियो में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप बेहतर स्वागत और नाश्ते की व्यवस्था पर जोर देते सुनाई देते हैं। दूसरी ओर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खगेश कोसरिया अपनी आर्थिक मजबूरी बताते हुए कहते हैं कि “जितनी चादर हो, उतने ही पैर फैलाने चाहिए” और समोसा, जलेबी, चाय-पानी से काम चलाने की बात रखते हैं।बातचीत में कथित तौर पर जिम्मेदारी, खर्च और इस्तीफे तक की चर्चा सुनाई देती है। इसके बाद यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कांग्रेस ने भी मौका नहीं गंवाया। तंज कसते हुए कांग्रेस ने लिखा—”जनता महंगाई से लड़ रही है और भाजपा नाश्ते की लड़ाई लड़ रही है।
उधर भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने पूरे मामले को सामान्य संगठनात्मक चर्चा बताते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। वहीं खगेश कोसरिया की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल इतना तय है कि भिलाई की राजनीति में इन दिनों विकास से ज्यादा चर्चा समोसे, जलेबी और चाय की हो रही है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।