डेस्क खबर

कलेक्टर महोदय के मुख्य आतिथ्य में छात्रावास अधीक्षक संघ ने मनाया स्थापना दिवस



डेस्क खबर गौरेला..छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ, जिला इकाई गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा संघ का स्थापना दिवस बुधवार को बैगा बसाहट क्षेत्र स्थित बालक आश्रम देवरगांव में कलेक्टर महोदय के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नियमित छात्रावास अधीक्षक संवर्ग द्वारा स्कूल बैग, वाटर बॉटल, स्पोर्ट्स किट एवं ट्रैक सूट वितरित किए गए।

कलेक्टर विजय दयाराम के ने बच्चों को सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  मुकेश रावटे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त गोपेश मनहर, जिला पंचायत सदस्य  पवन पैकरा तथा देवरगांव की सरपंच श्रीमती बिरासिया बाई ने भी बच्चों को सामग्री वितरित की एवं परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



प्रदेश अध्यक्ष  उदेश सिंह तोमर ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ का स्थापना दिवस प्रदेश के सभी जिलों में सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों के हितों के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निरंतर निर्वहन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस की इसी श्रृंखला में 24 जुलाई को जिला अध्यक्ष प्रीतु राज सिंह बिसेन एवं जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय गौरेला में नियमित छात्रावास अधीक्षकों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया तथा भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। बालक आश्रम देवरगांव के अधीक्षक तथा जिला कोषाध्यक्ष  महेश्वर श्रीवास द्वारा बताया गया कि देवर गांव आश्रम बैगा बसाहट क्षेत्र में स्थित है और यहां 50 में से 23 बच्चे बैगा समुदाय से हैं।



कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्रावास अधीक्षक संघ की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

error: Content is protected !!