डेस्क खबररायपुर

लाइब्रेरी जा रहे PSC अभ्यर्थी पर हमला: चाकू मारकर मोबाइल लूटा, आरोपी की तलाश तेज



रायपुर। राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। देर रात प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक पर बदमाश ने हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। युवक द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अमलीडीह क्षेत्र में रहने वाला युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सोमवार रात वह स्कूटी से पढ़ाई करने के लिए मोतीबाग स्थित लाइब्रेरी जा रहा था। इसी दौरान बुढ़ीमाता मंदिर चौक के पास एक अज्ञात युवक ने उसकी स्कूटी रोक ली। पहले उसने डराने-धमकाने की कोशिश की और फिर हथियार दिखाकर मोबाइल सौंपने की मांग की।

युवक ने जब मोबाइल देने से मना किया तो आरोपी ने उसकी जांघ पर चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बाद बदमाश मोबाइल लेकर भाग निकला। जाते-जाते उसने खुद को आदतन अपराधी बताते हुए पुलिस और कानून की परवाह न करने जैसी बातें भी कहीं, जिससे पीड़ित और अधिक दहशत में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक का उपचार कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!