डेस्क खबर

स्टिंग ऑपरेशन से खुला परीक्षा घोटाला: छात्रा की हिम्मत के बाद 5 कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई



महासमुंद। जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित सामूहिक नकल का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले की विभागीय जांच पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग ने एक चपरासी सहित पांच कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी है। संबंधित कर्मचारियों से तय समय सीमा के भीतर जवाब मांगा गया है, जिसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूरा मामला उस समय चर्चा में आया जब 12वीं की छात्रा नीता जगत ने परीक्षा केंद्र में कथित अनियमितताओं का स्टिंग ऑपरेशन किया। छात्रा का दावा है कि परीक्षा के दौरान कुछ शिक्षक विद्यार्थियों को उत्तर बताकर लिखवा रहे थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रभावी रोक नहीं थी और कई लोग खुलेआम मोबाइल लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर रहे थे।

छात्रा के अनुसार, जब उसने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत की तो उसे चुप रहने का दबाव बनाया गया। उसने मानसिक प्रताड़ना, सीट बदलने और झूठे नकल प्रकरण में फंसाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वहीं, शिकायत में यह भी कहा गया कि जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठे हैं।

मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव ने अदालत में शपथपत्र प्रस्तुत कर बताया कि जांच के आधार पर पांच कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सचिव को अगली सुनवाई से पहले व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल कर जांच की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को होगी।

error: Content is protected !!