


रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोरिया ट्रिपल मर्डर मामले में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश कर दी है। इस संबंध में सरकार ने औपचारिक अधिसूचना जारी कर CBI को मामले की जांच के लिए राज्य में अधिकार प्रदान कर दिए हैं।
यह सनसनीखेज घटना 16 जून की रात को कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में हुई थी। आरोप है कि रेत के अवैध कारोबार से जुड़े करीब 30 लोगों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों—भरत सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह—को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने पहले उनकी एसयूवी को भारी डंपर से टक्कर मारकर फंसा दिया, फिर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद से ही मृतकों के परिजन लगातार CBI जांच की मांग कर रहे थे। मंगलवार को मृतकों की तेरहवीं के दिन उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने परिवार से मुलाकात कर सरकार के फैसले की जानकारी दी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद यह दूसरा बड़ा मामला है, जिसे CBI जांच के लिए भेजा गया है। अब पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि केंद्रीय एजेंसी जांच में क्या नए तथ्य सामने लाती है और दोषियों पर कब तक शिकंजा कसता है।