80 लाख का सपना दिखाकर IRCON के सीनियर मैनेजर से ₹20.70 लाख की साइबर ठगी…रेलवे प्रोजेक्ट के सीनियर मैनेजर की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी ..



अरविंद सिंह की रिपोर्ट
डेस्क खबर ../ गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। भारत सरकार के उपक्रम IRCON इंटरनेशनल लिमिटेड में कार्यरत सीनियर रेलवे मैनेजर कुंदन कुमार से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, कुंदन कुमार मूल रूप से पटना (बिहार) के निवासी हैं और वर्तमान में डुमरिहा, गौरेला में रहकर गेवरारोड से पेण्ड्रारोड नई रेल लाइन परियोजना में प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2025 को उनकी पहचान ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े लोगों से हुई। आरोपियों ने उन्हें “मानसा केपिटल” नामक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कर शेयर बाजार में निवेश करने की सलाह दी। साथ ही कम समय में कई गुना मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
ठगों के झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 20.70 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद ऐप पर उनके खाते में करीब 80 लाख रुपये की राशि दिखाई देने लगी। जब उन्होंने इस रकम को निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के।। नाम पर बहाने बनाना शुरू कर दिया।
शक होने पर कुंदन कुमार ने संबंधित मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने तत्काल गौरेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।।।
गौरेला पुलिस ने कुंदन कुमार की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट की है।।जिसमें जय कुमार वर्मा, अनवी, आरती सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा
3(5)-BNS, 318(4)-BNS
अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।।। साइबर पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटा रही है, ताकि ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी अनजान ऐप या वेबसाइट पर निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।।।फ़िलहाल गौरेला पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।।।