


डेस्क खबर बिलासपुर../ किसी मां ने बेटे को अफसर बनाने का सपना देखा होता है, किसी पिता ने अपनी जिंदगी की गाढ़ी कमाई बच्चों के भविष्य पर लगा दी होती है। लेकिन जब वही बेटा नशे की गिरफ्त में फंस जाता है, तो सिर्फ एक जिंदगी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदें, सपने और विश्वास बिखर जाते हैं।
इसी कड़वी सच्चाई को बदलने और युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी मुहिम छेड़ दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में 17 जून से 27 जून तक “नशा मुक्ति सप्ताह” मनाया जा रहा है, जिसमें पुलिस की टीमें स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर युवाओं को नशे के खतरों से आगाह कर रही हैं।
पुलिस का साफ संदेश है— “नशा नहीं, जिंदगी चुनिए।”
नशा सिर्फ आदत नहीं, सपनों का हत्यारा
अक्सर नशे की शुरुआत मजाक, शौक या दोस्तों के दबाव से होती है। लेकिन यही शौक धीरे-धीरे जिंदगी का सबसे बड़ा अभिशाप बन जाता है। पढ़ाई छूट जाती है, करियर बर्बाद हो जाता है और इंसान अपने ही परिवार से दूर होने लगता है।
बिलासपुर पुलिस युवाओं को समझा रही है कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि नई परेशानियों की शुरुआत है। जो युवा आज नशे को ‘कूल’ समझ रहे हैं, वे कल अपने सपनों की कब्र खुद खोद सकते हैं।
सबसे ज्यादा दर्द झेलता है परिवार
नशे की लत का सबसे बड़ा दंश परिवार झेलता है। माता-पिता मानसिक तनाव, सामाजिक अपमान और आर्थिक बोझ के बीच टूटने लगते हैं। कई परिवार अपनी जमा पूंजी बच्चों को बचाने में खर्च कर देते हैं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
यही वजह है कि पुलिस इस अभियान के जरिए अभिभावकों को भी जागरूक कर रही है कि बच्चों के व्यवहार में बदलाव को समय रहते पहचानें और उनसे संवाद बनाए रखें।


नशा… अपराध और मौत की ओर पहला कदम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नशा कई बार युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेल देता है। चोरी, मारपीट, सड़क दुर्घटनाएं और गंभीर अपराधों की जड़ में नशे की भूमिका सामने आती रही है। नशे की हालत में लिया गया एक गलत फैसला पूरी जिंदगी बर्बाद कर सकता है।
सोशल मीडिया से भी चलेगी जंग
बिलासपुर पुलिस अब सोशल मीडिया के जरिए भी युवाओं तक पहुंच रही है। वीडियो, रील और जागरूकता संदेशों के माध्यम से उन्हें बताया जा रहा है कि असली सफलता नशे में नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच में है।
“एक भी परिवार बचा तो अभियान सफल”
एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि नशे के खिलाफ यह सिर्फ पुलिस की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। यदि इस अभियान से एक भी युवा नशे की गिरफ्त से बाहर आता है और एक भी परिवार टूटने से बच जाता है, तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।
क्योंकि सच यही है— नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं मारता, यह पूरे परिवार के सपनों की हत्या कर देता है।