आयुक्त को सरेराह धमकी कहा पता कर लेना मेरा नाम , वीडियो हुआ वायरल तो व्यापारी की दबंगई पर फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा

डेस्क खबर ../ नगर को साफ सुधरा रखने के लिए सड़को पर निकले आयुक्त से दबंगई के खिलाफ व्यापारी के खिलाफ लगभग सभी पार्षद एकजुट होकर पहुंचे एसपी और अपर कलेक्टर के पास, बोले— सरकारी अफसरों से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, हो सख्त कानूनी कार्रवाई
कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के साथ कथित अभद्रता और निगम कार्यालय में हंगामा करने की कथित धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में नगर निगम के लगभग सभी पार्षद एकजुट होकर सड़क पर नहीं, बल्कि सीधे प्रशासन के दरवाजे पहुंच गए। उन्होंने अपर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर संबंधित व्यापारी के खिलाफ तत्काल और विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पार्षदों का आरोप है कि पावर हाउस रोड स्थित एक प्रतिष्ठान के संचालक ने स्वच्छता अभियान के दौरान नगर निगम आयुक्त और निगम अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, निगम कार्यालय में लोगों को लेकर पहुंचने और हंगामा करने की कथित चेतावनी देकर प्रशासनिक व्यवस्था पर दबाव बनाने की कोशिश की गई।
मामले को लेकर पार्षदों ने दो टूक कहा कि सरकारी अधिकारी यदि अपने कर्तव्यों का पालन भी भय और दबाव में करेंगे, तो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक अधिकारी का मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की गरिमा और कानून के सम्मान का विषय है।
अब सबकी निगाहें पुलिस और जिला प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या सरकारी अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता और धमकी के आरोपों पर कानून बिना किसी दबाव के अपना काम करेगा, या फिर मामला केवल ज्ञापन और आश्वासन तक सीमित रह जाएगा?
