डेस्क खबरबिलासपुर

महंगाई पर सवाल पूछो तो पाकिस्तान चले जाओ? पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का डिप्टी सीएम पर तीखा पलटवार !



डेस्क खबर बिलासपुर ../ लगता है अब प्रदेश में महंगाई पर सवाल पूछना भी “राष्ट्रविरोध” की श्रेणी में डाल दिया गया है। डीज़ल महंगा हो, पेट्रोल महंगा हो, रसोई गैस आसमान छू रही हो, घर का बजट बिगड़ रहा हो, लेकिन अगर कोई इन मुद्दों पर आवाज़ उठाए तो उसे पाकिस्तान जाने की सलाह दे दी जाए!
पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आखिर महंगाई से परेशानी सिर्फ कांग्रेस को ही क्यों होगी? क्या भाजपा के नेता और उनके परिवार बाजार नहीं जाते? क्या उन्हें सब्जी, पेट्रोल और गैस मुफ्त में मिलती है? या फिर सत्ता के वातानुकूलित कमरों में बैठकर जनता की तकलीफें दिखाई देना बंद हो गई हैं?
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद अब सरकार ने नया नियम बना दिया है—”महंगाई पर सवाल मत पूछो, नहीं तो पाकिस्तान भेज दिए जाओगे।” जनता रसोई गैस के दाम पूछे तो पाकिस्तान, पेट्रोल की कीमत पूछे तो पाकिस्तान, बेरोजगारी पर बात करे तो पाकिस्तान। आखिर सरकार बताए कि जनता अपनी समस्याएं लेकर जाए तो जाए कहां?


शैलेश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस नहीं, प्रदेश का हर वह परिवार महंगाई से परेशान है जिसकी रसोई का बजट बिगड़ चुका है। हर वह किसान परेशान है जिसकी लागत बढ़ रही है और हर वह युवा परेशान है जिसे रोजगार नहीं मिल रहा। लेकिन सरकार को जनता का दर्द सुनाई नहीं दे रहा, क्योंकि उसे केवल विरोध की आवाज़ सुनाई देती है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग अगर हर सवाल का जवाब पाकिस्तान बताने लगें, तो इसका मतलब साफ है कि उनके पास जनता के असली मुद्दों का जवाब नहीं बचा है। महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल व्यवस्था पर जवाब देने के बजाय राष्ट्रवाद का शोर मचाना आसान है।
कटाक्ष करते हुए शैलेश पांडेय ने कहा, “जनता सिर्फ इतना जानना चाहती है कि गैस सिलेंडर सस्ता कब होगा, पेट्रोल-डीजल के दाम कब घटेंगे और महंगाई से राहत कब मिलेगी। अगर इन सवालों का जवाब सरकार के पास नहीं है, तो कम से कम जनता को पाकिस्तान जाने की सलाह देना बंद कर दे।”

error: Content is protected !!