जांच में राहत के नाम पर ASI ने मांगे 10 हजार .. जमानत के नाम पर सौदेबाजी का ऑडियो हुआ वायरल ..पुलिस विभाग में मचा हड़कंप ..



डेस्क खबर महासमुंद।../ जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया पर एक गंभीर आरोप सामने आया है। थाना सांकरा में दर्ज एक आपराधिक मामले की विवेचना के दौरान एएसआई पर आरोप है कि उन्होंने आरोपी पक्ष से जांच में राहत देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। मामले को लेकर कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आने का दावा किया गया है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना सांकरा में एफआईआर क्रमांक 0032/2026 में इन्द्रजीत प्रधान एवं अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज है, जिसकी विवेचना एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया कर रहे थे। आरोप है कि विवेचक द्वारा फोन के माध्यम से इन्द्रजीत प्रधान के भाई के नंबर पर संपर्क कर इन्द्रजीत प्रधान को मिलने के लिए बुलाया जाता था।
शिकायत के मुताबिक, जब इन्द्रजीत प्रधान थाना सांकरा पहुंचे तो उन्हें थाना परिसर के समीप एक सुनसान स्थान पर बुलाकर बातचीत की गई। इसी दौरान कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग की गई, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार कथित ऑडियो में लगभग 6 मिनट 42 सेकेंड पर एएसआई यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मैं चाहता तो आप लोगों के खिलाफ यह लिख सकता था कि जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और आपकी जमानत रद्द हो सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।” वहीं 4 मिनट 38 सेकेंड के आसपास कथित तौर पर 10 हजार रुपये की मांग का जिक्र होने का दावा किया गया है। आरोप है कि बातचीत में पहले यह कहा गया कि “टीआई साहब ने कहा है”, बाद में कथित रूप से यह भी कहा गया कि रकम “मेरे लिए ही मांग रहा हूं।”




शिकायतकर्ता का कहना है कि मूल ऑडियो रिकॉर्डिंग और रिकॉर्डिंग किया गया मूल मोबाइल उपकरण उसके पास सुरक्षित है तथा वह किसी भी सक्षम एजेंसी द्वारा कराई जाने वाली फोरेंसिक जांच और सत्यापन के लिए तैयार है।
नोट –ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें मौजूद आवाज़ों की पुष्टि हम नहीं करते है । यह खबर शिकायतकर्ता के आरोपों और उपलब्ध दावों पर आधारित है।