चालान कॉपी के नाम पर 2500 रुपये की अवैध वसूली का आरोप, आरक्षक के खिलाफ एसपी से शिकायत !! आडियो वीडियो हुआ वायरल ..



डेस्क खबर ../ जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक पर चालान सीट की फोटोकॉपी देने के नाम पर 2500 रुपये की अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में सरायपाली क्षेत्र के निवासी पुरुषोत्तम प्रधान ने पुलिस अधीक्षक महासमुंद को लिखित शिकायत सौंपकर आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके परिवार के खिलाफ सांकरा थाना में दर्ज एक मामले की चालान सीट पेश होने से पहले विवेचक द्वारा उन्हें पिथौरा बुलाया गया था। आरोप है कि वहां मौजूद आरक्षक अरुण प्रताप सिंह ने चालान सीट की फोटोकॉपी उपलब्ध कराने के लिए 2500 रुपये शुल्क जमा करने की बात कही और रकम नहीं देने पर चालान प्रस्तुत नहीं होने तथा बार-बार चक्कर लगाने की चेतावनी दी।
शिकायत में दावा किया गया है कि शिकायतकर्ता ने पहले 2000 रुपये दिए, लेकिन आरक्षक ने 500 रुपये और देने की मांग की, जिसके बाद कुल 2500 रुपये लिए गए। बाद में पुलिस विभाग के कर्मचारियों से जानकारी लेने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि चालान पेश होने के दिन आरोपियों को एक प्रति नि:शुल्क दी जाती है और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरक्षक ने गलत नियम बताकर उनसे अवैध वसूली की और बार-बार पिथौरा बुलाकर मानसिक रूप से परेशान किया। उन्होंने इसे शासकीय कर्मचारी द्वारा पद का दुरुपयोग बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग, कथित वीडियो क्लिप और मोबाइल कॉल डिटेल के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं। हालांकि इस मामले को लेकर अभी तक पुलिस का पक्ष नहीं मिल पाया है लेकिन वायरल वीडियो और ऑडियो ने एक बार जरूर पुलिस की साख पर बट्टा लगाने का काम किया है । शिकायकर्ता से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की तमाम करतूत की जानकारी और कार्यवाही को लेकर वह पिथौरा थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा के पास पहुंचा तो थाना प्रभारी ने आरक्षक और सहायक सब इंस्पेक्टर को बुला कर शिकायत वापिस लेने सहित आडियो वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर उल्टा शिकायकर्ता को ही झूठे केस में फसाने की धमकी देते हुए उसका मोबाइल छिनने की कोशिश भी ।


