डेस्क खबर

बिलासपुर की बिजली व्यवस्था पर भड़के  केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू …बिजली नहीं दे सकते तो कुर्सी छोड़ दें….अफसरों की लगाई क्लास जमकर लगाई फटकार .मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाऊँगा विकराल समस्या _तोखन साहू



डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर जिले में लगातार मिल रही घंटों अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों की शिकायतों को लेकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू का गुस्सा खुलकर सामने आया। संभागीय और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब भी हालात नहीं सुधरे तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
बैठक में मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है। बिजली नहीं होगी तो पेयजल व्यवस्था प्रभावित होगी, खेती-किसानी पर असर पड़ेगा और आमजनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाएगा। उन्होंनेअधिकारियों से कहा कि जनता लगातार परेशान है और शिकायतों का अंबार लग रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई नहीं दे रहा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनता के लिए विकराल समस्या बन चुकी बिजली समस्या से मुख्यमंत्री की भी अवगत करवाने की बात करते हुए अफसरों की क्लास लगाते हुए जमकर फटकार लगाई ।



मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इसी तरह की शिकायतें दोबारा सामने आईं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
तोखन साहू ने कहा कि जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, ट्रांसफार्मर बदलने में देरी और बिजली आपूर्ति में अव्यवस्था किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री का सख्त रुख साफ दिखाई दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और जनता को परेशान करने वाली कार्यप्रणाली अब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। देखना होगा कि मंत्री की सख्त चेतावनी और फटकार के बाद जिले की बिजली व्यस्था में कब तक सुधार हो पाता है ताकि बिजली में सरप्लस कहे जाने वाले प्रदेशवासियों सहित बिलासपुर जिले की जनता को बिजली समस्या से बड़ी राहत मिल सके ।

error: Content is protected !!