डेस्क खबर

गर्मी का सितम ,भीषण गर्मी में जंगल छोड़ आबादी की ओर पहुंचे वन्यजीव, कांकेर में घर में घुसा भालू आम खाते आया नजर  तो मरवाही में तालाब पर पानी पीते दिखे हाथी.!




डेस्क खबर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी अब वन्यजीवों पर भी भारी पड़ने लगी है। जंगलों में पानी और भोजन की कमी के चलते वन्यजीव आबादी वाले इलाकों का रुख कर रहे हैं। कांकेर और मरवाही से सामने आए दो अलग-अलग मामलों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कहीं भालू रिहायशी इलाके में आम खाते नजर आ रहा है तो कहीं हाथियों का दल पानी की तलाश में तालाब तक पहुंच गया।
पहला मामला कांकेर जिले का है, जहां शहर के श्रीराम नगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक भालू अचानक उर्मिला जैन के घर में घुस गया। भालू घर के आंगन में लगे आम के पेड़ पर चढ़ गया और आम खाने लगा। घर के भीतर भालू को देखकर इलाके के लोग दहशत में आ गए। हालांकि गनीमत रही कि भालू ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वहीं दूसरा मामला मरवाही वन मंडल का है। यहां मध्यप्रदेश के अनुपपुर क्षेत्र से करीब एक सप्ताह पहले पहुंचे चार हाथियों के दल का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में हाथियों का समूह घुसरिया गांव के पास स्थित एक तालाब में पानी पीता दिखाई दे रहा है। भीषण गर्मी के बीच हाथियों के इस तरह पानी की तलाश में गांव के करीब पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।



वन्यजीव जानकारों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी, सूखते जलस्रोत और जंगलों में घटते प्राकृतिक संसाधनों के कारण वन्यजीव अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं। वायरल हो रही ये तस्वीरें साफ इशारा कर रही हैं कि इंसानों के साथ-साथ जंगल के जीव भी भीषण गर्मी और जल संकट से जूझ रहे हैं। और भूख और प्यास की वजह से अब यह शहरी क्षेत्रों की तरफ रुख कर रहे है ताकि इन्हें भी पेट भरा पानी और भोजन मिल सके ।

error: Content is protected !!