बीजेपी नेता अमर पर अवैध मिट्टी उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों और बीजेपी नेता के बीच हुई बहस नेताजी पर धमकाने का आरोप .. वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप..


डेस्क खबर ./ जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मुड़पार स्थित रामसागर डेम से लंबे समय से रात के वक्त मिट्टी उत्खनन किए जाने का आरोप भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि चैन माउंटेन और तीन हाईवा वाहनों के जरिए लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे डेम की सुरक्षा और ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है। विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों को कथित तौर पर धमकाने का आरोप भी लगाया गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब विरोध के दौरान भाजपा नेता और ग्रामीणों के बीच कथित बहस का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक रामसागर डेम से पिछले कई महीनों से रातभर अवैध उत्खनन जारी है। भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जनवरी महीने में भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अवैध उत्खनन पर रोक और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि बीजेपी से जुड़े नेता का नाम सामने आने के बाद प्रशासन क्या कार्यवाही करता है और कब खनिज विभाग इस अवैध उत्खनन पर खुलासा करता है ।