बलरामपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार ! हाईवे पर घेराबंदी कर पकड़े गए 985 नशीले इंजेक्शन, एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार


डेस्क खबर ../ बलरामपुर पुलिस ने जिले में फैल रहे नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले इंजेक्शन के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। देर रात नेशनल हाईवे पर की गई घेराबंदी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से कुल 985 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं, जिनमें 481 Buprenorphine और 504 Pheniramine Maleate इंजेक्शन शामिल हैं। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप गढ़वा से अंबिकापुर सप्लाई किए जाने की तैयारी में थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस को लंबे समय से नशे के इंजेक्शन की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने नेशनल हाईवे पर देर रात घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
बलरामपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।