बीजेपी पार्षद के बेशर्म बोल, पानी समस्या पर पार्षद का विवादित बयान,* मुसलमानों की तरह ज्यादा बच्चे पैदा करो ! *

डेस्क खबर ../ एक तरफ जहां देश में गर्मी की वजह से लगातार कई राज्यों में जलस्तर तेजी से गिरता जा रहा है और पानी की एक एक बूंद के लिए जनता हलाकान नजर आ रही है वही दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के इंदौर में पानी के संकट से जूझ रही महिलाओं को राहत देने के बजाय भाजपा पार्षद भरत सिंह रघुवंशी ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।वार्ड 70 के लोकनायक नगर की महिलाएं पानी की किल्लत की शिकायत लेकर पार्षद के पास पहुंचीं थीं। लोगों को उम्मीद थी कि जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान बताएंगे, लेकिन वहां पानी की चर्चा अचानक हिंदू-मुस्लिम बहस में बदल गई। वायरल वीडियो में पार्षद महिलाओं से कहते दिखाई दे रहे हैं — “ज्यादा बच्चे पैदा करो… मुसलमानों को देखो, उनके कितने बच्चे हैं।
हैरानी की बात यह है कि शहर जल संकट से जूझ रहा है, कई इलाकों में बोरिंग फेल हो चुकी हैं, लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी के लिए भटक रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि समाधान खोजने के बजाय आबादी और धर्म की राजनीति में उलझे दिखाई दे रहे हैं।
महिलाओं ने भी पार्षद को करारा जवाब दिया — “इतने बच्चे हो जाएंगे तो नहलाएंगे कैसे, पानी कहां है?” यह सवाल सिर्फ एक पार्षद से नहीं, बल्कि उस राजनीति से है जो हर मुद्दे को सांप्रदायिक चश्मे से देखने लगी है।
इंदौर देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता है, लेकिन अब पानी जैसी बुनियादी जरूरत पर जनता परेशान है। ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों से उम्मीद समाधान की होती है, बयानबाजी की नहीं। सवाल यह है कि क्या जनता की प्यास अब भी राजनीति के शोर में दबाई जाती रहेगी?