रिश्वतखोर पटवारी लगा एंटी करप्शन ब्यूरो के हाथ , 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों हुआ गिरफ्तार !

डेस्क खबर सूरजपुर./ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार, 22 अप्रैल 2026 को की गई, जिसने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मझटा निवासी प्रार्थी रूप सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके और उनकी बहन के नाम दर्ज भूमि के नामांतरण (म्यूटेशन) के लिए संबंधित पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत में यह भी बताया गया कि बिना पैसे दिए कार्य नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। प्रार्थी को चिन्हित राशि के साथ पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी पटवारी ने 25,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई नियमानुसार पंचनामा और साक्ष्यों के साथ संपन्न की गई।गिरफ्तार आरोपी पटवारी सौरभ गोस्वामी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।