PM-AASHA योजना से किसानों को राहत: समर्थन मूल्य पर चना, मसूर और सरसों की खरीदी शुरू

डेस्क खबर ../ किसानों के लिए राहत और खुशी की खबर है। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण योजना (PM-AASHA) के तहत जिले में रबी फसलों की खरीदी शुरू हो चुकी है। समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों में उत्साह का माहौल है।नाफेड के माध्यम से रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना, मसूर और सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। चना 5875 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपए प्रति क्विंटल और सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी हो रही है।

चना और मसूर की खरीदी 1 मार्च से 30 मई 2026 तक, जबकि सरसों की खरीदी 15 फरवरी से 15 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। जिले के किसान निर्धारित उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज बेचकर योजना का लाभ ले सकते हैं।जिले में अब तक 117 किसानों ने चना, 18 किसानों ने मसूर और 56 किसानों ने सरसों के लिए पंजीयन कराया है।

कुल 391 किसानों ने इस योजना से जुड़कर समर्थन मूल्य का लाभ लेने की पहल की है।
चारों उपार्जन केंद्रों में अब तक 51 किसानों से कुल 90 क्विंटल फसल की खरीदी हो चुकी है, जिसमें 14 क्विंटल चना, 2 क्विंटल मसूर और 74 क्विंटल सरसों शामिल है।पंजीकृत किसान अपने मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और पंजीयन पावती के साथ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। किसान अकलतरा, जांजगीर, बम्हनीडीह और पामगढ़ स्थित सेवा सहकारी समितियों में अपनी फसल बेच सकते हैं।सरकार की इस पहल से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे वे काफी संतुष्ट और उत्साहित नजर आ रहे हैं।

