
डेस्क खबर बिलासपुर ./ जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करीब 30 वर्षीय युवक मनजीत जायसवाल ने सरेआम खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखने वाले लोग भी दहशत में आ गए। इस वीडियो में युवक आग की लपटों में घिरा नजर आ रहा हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने के भरकस प्रयास करते हुए किसी तरह आग पर काबू भी पा लिया लेकिन तब तक युवक 80 फीसदी से ज्यादा झुलस चुका था ।
बताया जा रहा है कि युवक पहले एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर निकला। इसके बाद वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से आगे बढ़ा और रास्ते में चलते-चलते खुद पर पेट्रोल डाल लिया। कुछ दूरी पर गाड़ी रोककर उसने अचानक यह खतरनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। एक तरफ जहां जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप से बोतल ,जरीकेन जैसे डब्बों पर पेट्रोल देने पर सख्त पाबंदी लगाई हुई है वही युवक पेट्रोल पंप में डब्बे में आगजनी की घटना से पूर्व डब्बे में पेट्रोल लेता नजर आ रहा है । हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले में खाद्य विभाग को सूचित कर पेट्रोल पंप के खिलाफ भी जांच कर कार्यवाही की जाएगी ।


सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।पुलिस टीम ने समय रहते पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक द्वारा ऐसा कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।