बादाम खाइए मैडम…”: बिलासपुर में फाइल गुम होने पर युवक का अनोखा विरोध, याददाश्त तेज करने युवक ने टेबल में फेंके बादाम ! वीडियो हुआ वायरल , मैडम चर्चा में !

डेस्क खबर बिलासपुर ./ बिलासपुर से एक अनोखा और व्यंग्यपूर्ण वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है,। जिसमें एक युवक की पीड़ा ने सरकारी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा कि , एक युवक ने करीब एक वर्ष पहले ईडब्ल्यूएस श्रेणी का एक फ्लैट रि सेल में खरीदा और उसकी विधिवत रजिस्ट्री भी करवाई। रजिस्ट्री के बाद उसने नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने सभी आवश्यक दस्तावेज अभिलाषा परिसर, तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में जमा कर दिए। आरोप है कि दस्तावेज़ जमा करने के बावजूद पिछले एक साल से युवक को लगातार एक ही जवाब मिल रहा है—“फाइल नहीं मिल रही है, खो गई है।” बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने और संतोषजनक जवाब न मिलने से परेशान युवक ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
वह करीब 500 ग्राम बादाम लेकर संबंधित अधिकारी के पास पहुंचा और उन्हें देते हुए कहा, “इसे खाइए, आपकी याददाश्त तेज हो जाएगी… शायद आपको याद आ जाए कि मेरी फाइल कहाँ रखी है।” इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे सिस्टम की लापरवाही पर करारा तंज मान रहे हैं। यह घटना न सिर्फ प्रशासनिक सुस्ती को उजागर करती है, बल्कि आम नागरिकों की बढ़ती हताशा को भी दर्शाती है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस वीडियो के महिला अफसर भी युवक की हरकत का वीडियो बनाती नजर आ रही है हालांकि युवक के इस विरोध के बाद युवक की फाइल मिली या महिला अधिकारी ने कोई शिकायत की है या नहीं फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पर इतना जरूर है कि इस वीडियो के सामने आने के बाद मैडम जरूर चर्चा का विषय बनी हुई है ।