

डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर के शिव टॉकीज चौक पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पैसों के लेनदेन को लेकर दो युवकों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते खुलेआम हंगामे में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान गोलू पासी नामक युवक, जिसे स्थानीय लोग आदतन बदमाश बता रहे हैं, दूसरे युवक से गाली-गलौज करते हुए पैसे की मांग करने लगा।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब विवाद के बीच एक युवक ने बीच सड़क पर अपने कपड़े उतार दिए और अशोभनीय इशारे करने लगा। इस दौरान वहां से महिलाएं और अन्य राहगीर भी गुजर रहे थे, जिससे माहौल बेहद असहज और शर्मनाक हो गया। अचानक हुई इस घटना से चौक पर भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित होने लगा, जिसके कारण जाम की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है और इसमें शामिल गोलू पासी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। घटना के दौरान यह भी चर्चा रही कि एक युवक के पास धारदार हथियार मौजूद था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बीच शहर के व्यस्त चौक पर हुई इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
