सीसीटीवी में सच दिखने के बाद भी उल्टे पत्रकार पर मामला हुआ दर्ज ! पत्रकारों ने मौन प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग ! नशे में धुत्त ट्रैकर चालक की लापरवाही से बाल बाल बचे थे पत्रकार के पिता और मासूम बच्ची !!


डेस्क खबर ../ पत्रकार रौनक शिवहरे और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को लेकर दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर संभाग में पत्रकारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को दक्षिण बस्तर पत्रकार संघ के आह्वान पर जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा के दुर्गा मंडप में पत्रकारों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन धरना प्रदर्शन किया और विरोध दर्ज कराया। इससे पहले रविवार को आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया था कि बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार दंतेवाड़ा में बड़ी संख्या में पत्रकार एकत्र हुए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
धरना प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने कलेक्टर की अनुपस्थिति में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 6 मार्च 2026 को गीदम में एक नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने रौनक शिवहरे की स्कूटी को टक्कर मार दी और उनके पिता व दो साल की बच्ची को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इस घटना के बाद शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पत्रकारों का आरोप है कि उल्टा दबाव में आकर पुलिस ने रौनक शिवहरे और उनके परिवार पर एसटी–एससी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया, जो पूरी तरह अनुचित है। पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और निष्पक्ष कार्रवाई होगी।
