पूर्व विधायक ( दिवंगत) के उदयपुर पैलेस में CAF जवान ने खुद को मारी गोली, छुट्टी से लौटने के अगले दिन उठाया कदम ! भिलाई का रहने वाला था जवान !!


डेस्क खबर ./खैरागढ़ क्षेत्र में स्थित उदयपुर पैलेस से सोमवार शाम एक दुखद घटना सामने आई है। पूर्व विधायक दिवंगत राजा देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने की है।

जानकारी के अनुसार उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में सुरक्षा के लिए CAF के जवानों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। सोमवार को भी सामान्य दिनों की तरह कृपाचंद सोनवानी की ड्यूटी लगी हुई थी। साथी जवानों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से तनाव में नजर आ रहा था, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

शाम के समय अचानक गोली चलने की आवाज से पैलेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने देखा कि कृपाचंद सोनवानी खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था। आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छुईखदान थाना पुलिस के अनुसार कृपाचंद सोनवानी एक दिन पहले ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।