

डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रात ट्रेलर को रुकवाकर चालक से मोबाइल, नकदी और बिल्टी पेपर लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 06 मार्च 2026 की तड़के करीब 03:10 बजे की है। ट्रेलर चालक चकरभाठा स्थित टोयोटा शोरूम के पास से गुजर रहा था, तभी टाटा पंच कार में सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चालक से गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा। इसी दौरान आरोपियों ने चालक से विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 1000 रुपये और ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूट लिया और मौके से फरार हो गए।



घटना के बाद पीड़ित चालक ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी और सूचना तंत्र पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे जांच जारी है। पकड़े गए आरोपी यशराज यादव जांजगीर जिले का रहने वाला है तो दूसरा आरोपी सुमित दुबे सारंगढ़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है । पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी बिलासपुर के मंगला क्षेत्र की अभिषेक विहार कालोनी में किराए के मकान में रहते थे । गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही जांजगीर पुलिस ने एलर्ट जारी करते हुए आसपास के जिलों की पुलिस को सूचना देते कुछ बाइक सवार युवकों की तस्वीरें जारी करते हुए बताया था कि जांजगीर जिले के रहने वाले कुछ युवक अपने आप को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर बिलासपुर में लुट को अंजाम दे रहे है ,और लोगों से सोने की चेन ,अंगूठी सहित समान को उतरवा कर ठगी कर रहे है । फिलहाल पुलिस पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपियों ने कितनी और वारदात को अंजाम दिया था और जांजगीर पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर जारी एलर्ट के साथ जारी की गई तस्वीरों में दिख रहे संदिग्ध युवकों से पकड़े गए आरोपियों के क्या कनेक्शन है ।