नशेड़ी युवक ने कालोनी में मचाया जमकर उत्पात , दर्जनों को दोपहिया वाहनों को पटककर किया क्षतिग्रस्त, घटना CCTV में हुई कैद.!!


डेस्क खबर धमतरी। जिले के शिव चौक से लेकर कचहरी चढ़ाव तक बुधवार देर रात एक नशेड़ी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक ने सड़क किनारे खड़े लगभग 15 से 20 दुपहिया वाहनों को एक-एक कर गिराते हुए उन्हें नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में काफी चर्चा का माहौल बन गया है।मिली जानकारी के मुताबिक, युवक नशे की हालत में सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने अचानक खड़े वाहनों को धक्का देकर गिराना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने कई मोटरसाइकिल और स्कूटी को जमीन पर पटक दिया, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। सुबह जब वाहन मालिक अपने घरों से बाहर निकले तो उनकी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। हालांकि उत्पाती युवक की पहचान नहीं हो पाई है ।
घटना के बाद स्थानीय वार्डवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि शहर में नशेड़ियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और कानून का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है। हालांकि अब तक इस मामले में किसी भी वाहन मालिक द्वारा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।फिर भी स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस से स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।