

डेस्क खबर बिलासपुर./ अमेरिका और ईरान युद्ध में दुबई में कोटा क्षेत्र के तीन युवकों के फंसे होने की खबर सामने आने के बाद बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पहले युवकों के परिजनों से बातचीत कर युवकों से सीधे फोन पर संपर्क किया। उन्होंने उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और परिवार को आश्वस्त किया कि भारतीयों की सुरक्षा के लिए केंद्र स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे है और जल्द ही इसी कड़ी के तहत बिलासपुर के युवकों को भी जल्द वापिस देश लाया जाएगा । साथ ही बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने होटल से लेकर रुकने खाने सहित हर व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया है ।
जानकारी के अनुसार करगी रोड निवासी शिवम मिश्रा अपने साथियों आकाश अग्रवाल और आयुष अग्रवाल के साथ पर्यटन के उद्देश्य से दुबई गए थे। इसी बीच पश्चिम एशिया में ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण क्षेत्र का माहौल संवेदनशील हो गया। वापसी की निर्धारित तिथि के आसपास हालात तेजी से बदलने पर वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई। शिवम मिश्रा ने परिवार को बताया कि वे तीनों फिलहाल होटल में सुरक्षित हैं, हालांकि क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुबई के प्रतिष्ठित स्थल बुर्ज खलीफा पर किसी प्रकार का मिसाइल हमला नहीं हुआ है।
मामला सामने आने के बाद सांसद ने परिजनों से भी चर्चा की और भरोसा दिलाया कि भारत सरकार के उच्च अधिकारियों से बात की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। परिजनों ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है और आवश्यकता पड़ने पर विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने की अपील की है। वहीं, जिला प्रशासन की भूमिका को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल परिवार और प्रदेशवासी युवकों की सकुशल वापसी की प्रतीक्षा और दुआ कर रहे है ।