डेस्क खबर

बिलासपुर प्रेस क्लब व जज़्बा संस्था का नि:शुल्क लीवर जांच शिविर 14 फरवरी को ! जाने माने डाक्टर रहेगे मौजूद !



डेस्क खबर ../ बिलासपुर प्रेस क्लब और जज़्बा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 14 फरवरी, शनिवार को विशाल नि:शुल्क लीवर जांच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मध्यनगरी चौक स्थित बिलासपुर प्रेस ट्रस्ट भवन (शिशु भवन के सामने) में आयोजित होगा।

शिविर में महानगरों में हजारों रुपये खर्च कर कराई जाने वाली फाइब्रोस्कैन जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह विशेष मशीन बिलासपुर प्रेस क्लब की नवनियुक्त कार्यकारिणी के प्रयासों से मंगवाई गई है, ताकि पत्रकार साथियों, उनके परिजनों और शहर के सभी नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। इस मशीन के माध्यम से लीवर की वर्तमान स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा।चिकित्सकों ने जांच के लिए इच्छुक लोगों से अपील की है कि वे खाली पेट आएं या जांच से कम से कम तीन घंटे पहले तक कुछ न खाएं। शिविर में मध्य भारत के प्रसिद्ध लीवर एवं पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. समर्थ शर्मा (ग्लोबल गैस्ट्रो व लीवर केयर, अशोक नगर सरकंडा, पूर्व सलाहकार सर गंगाराम हॉस्पिटल नई दिल्ली) भी उपस्थित रहेंगे। उनसे मुलाकात और परामर्श भी नि:शुल्क रहेगा।



इसके अलावा शुगर और यूरिक एसिड की जांच भी नि:शुल्क की जाएगी। जांच के बाद सभी को नि:शुल्क ओपीडी कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे भविष्य में डॉक्टर से पुनः नि:शुल्क परामर्श ले सकेंगे।

16 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति शिविर का लाभ उठा सकता है। विशेष रूप से शुगर, बीपी, मोटापा, गैस, अल्कोहल सेवन या तैलीय भोजन करने वालों तथा बुजुर्गों को जांच कराने की सलाह दी गई है। पंजीयन स्थल पर ही “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होगा और रिपोर्ट तत्काल प्रदान की जाएगी।

error: Content is protected !!