डेस्क खबर

जिला चिकित्सालय में मानवता शर्मसार ,एंबुलेंस नहीं मिली तो चाट ठेले पर लादकर लाई गई बुजुर्ग महिला.!! स्वास्थ्य सुविधा की खुली पोल ,तस्वीरों से छत्तीसगढ़ हुआ शर्मसार.!!



डेस्क खबर ./ एक बार फिर छत्तीसगढ़ प्रदेश के जशपुर जिले के जिला चिकित्सालय से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा के लिए संपर्क किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों को बुजुर्ग महिला को चाट के ठेले पर लादकर जिला अस्पताल तक लाना पड़ा। सामने आई इस तस्वीरों के चलते एक बाद स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर बड़े बड़े दावे करने वाली छत्तीसगढ़ सरकार के दावों की पोल खोल कर रख दी है ।


घटना जशपुर जिले के रजनीहोता पुरानीटोली क्षेत्र की बताई जा रही है। महिला की हालत बिगड़ने के बाद परिजन काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन जब कोई मदद नहीं मिली तो उन्होंने ठेले का सहारा लिया। ठेले पर लादी गई बुजुर्ग महिला को सड़क के रास्ते अस्पताल तक पहुंचाया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले को लेकर सीएमएचओ जी.एस. जात्रा ने सफाई देते हुए बताया कि एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीण मरीज को अस्पताल लेकर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और उसका इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है।हालांकि प्रशासन की यह सफाई लोगों को संतुष्ट नहीं कर पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में एंबुलेंस सेवाएं पहले से ही बदहाल हैं और जरूरत के समय मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। सवाल यह है कि जब सरकार आपातकालीन सेवाओं के बेहतर होने का दावा करती है, तो फिर ऐसे हालात क्यों बनते हैं? यह घटना न केवल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर कमी को भी उजागर करती है।

error: Content is protected !!