

डेस्क खबर बिलासपुर ../जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘आवहन 2025’ का भव्य समापन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे सप्ताह चले इस महोत्सव में संस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ धरमलाल कौशिक जी (विधायक, बिल्हा), सुशांत शुक्ला जी (विधायक, बेलतरा), मोहित जायसवाल (जिला अध्यक्ष, ग्रामीण) तथा राजेश सिंह जी (वरिष्ठ पार्षद) विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
समारोह के दौरान मंच पर रखे गए बॉक्स से लिफ़ाफ़ा निकालकर चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता की औपचारिक घोषणा की गई। जैसे ही विजेता टीम के नाम की घोषणा हुई, उसी क्षण भव्य आतिशबाज़ी की गई, जिससे पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। मुख्य अतिथि अरुण साव जी द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी विजेता जेके हॉस्टल की टीम को प्रदान की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ट्रॉफी जीतने पर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
चैंपियंस ट्रॉफी वितरण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों को अनुशासन, नेतृत्व एवं टीम भावना का सशक्त माध्यम बताते हुए उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्य गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन के. खान, सेक्रेटरी डॉ. आई. ए. खान एवं डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह ने ‘आवहन 2025’ के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन समिति, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी।