डेस्क खबरबिलासपुर

लॉ स्टूडेंट से मारपीट और चाकूबाजी : युवती को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से युवा वकील पर ताबड़तोड़ हमला ! आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट पर दिख रही है धमक .??

Ads



डेस्क खबर बिलासपुर../  सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात होने से शहर में हड़कंप मच गया । बिलासपुर जिला न्यायालय में प्रैक्टिस कर रहे युवा वकील और एक लॉ स्टूडेंट पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे युवती को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है । पुलिस ने इस प्रकरण में तीन नामजद युवकों—राजवीर बाबरा, कान्हा उपाध्याय और निमित दुबे—तथा उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 118(1)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है ।



कैसे बढ़ा विवाद, कैसे हुआ खूनी हमला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवांश पारासर चड्डा बाड़ी नेहरू नगर निवासी  जिला न्यायालय बिलासपुर में वकालत करते हैं। रविवार की देर रात वह अपनी परिचित युवती को कार से शांति नगर से कोनी की ओर लेकर जा रहे थे। जैसे ही वह चड्डा बाड़ी के पास पहुंचे, सामने से आती एक कार ने उन्हें रुकने का इशारा किया। कार रुकते ही आरोपी कान्हा उपाध्याय और निमित दुबे उतरे और युवती को साथ ले जाने पर आपत्ति जताते हुए शिवांश के साथ गाली-गलौज और विवाद करने लगे।



बहस बढ़ते ही स्थिति खराब होने लगी। तभी मौके पर आरोपी राजवीर बाबरा अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचा। शिकायत में आरोप है कि उसने पहले बाइक चढ़ाकर शिवांश को घायल करने की कोशिश की। लेकिन शिवांश ने बाइक पकड़कर गिरा दी। इस कोशिश के विफल होते ही राजवीर ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और अचानक हमला शुरू कर दिया। आरोपी राजवीर के सोशल मीडिया में भी मौजूद तस्वीरों में वह हथियारों के साथ दिखाई दे रहा है । सोशल मीडिया में हथियारों और गोलियों के साथ नजर आ रहे आरोपी के पास हथियारों लाइसेंस है या नहीं फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है ।


सिर, गला, आंख और कमर पर कई वार

राजवीर ने शिवांश के सिर के पीछे, कमर, गले और बाईं आंख के नीचे लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं, अन्य आरोपी साथियों ने पत्थरों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। खून से लथपथ शिवांश किसी तरह मौके से भागकर पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में छिप गए और अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी।


पुलिस की जांच तेज, CCTV खंगाले जा रहे

दोस्तों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है। इस सनसनीखेज घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ हथियारों के राज के पर्दाफाश की उम्मीद जताई जा रही है ।

error: Content is protected !!