

डेस्क खबर बिलासपुर./राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच, बिलासपुर चैप्टर द्वारा भारत की आंतरिक सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “राष्ट्रीय सुरक्षा सिद्धांत- भारत की आंतरिक सुरक्षा पर प्रभाव” विषय पर आधारित यह कार्यक्रम FANS द्वारा देश के 21 राज्यों में संचालित 50 व्याख्यान श्रृंखला का हिस्सा है।
संगोष्ठी का उद्देश्य पड़ोसी देशों, विशेषकर पाकिस्तान की ओर से जारी खतरे, आतंकवाद के बदलते स्वरूप, और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभावों पर विस्तृत चर्चा करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोलीक बिहारी राय, सदस्य, केंद्रीय संचालन समिति, राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच रहे। मुख्य वक्ता के तौर पर मेजर जनरल अनुज माथुर, प्रभारी, पश्चिम क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच शामिल हुए। जबकि विशिष्ट अतिथि विक्रमादित्य सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संगठन, विरेंद्र गहवई, पूर्व अध्यक्ष बिलासपुर प्रेस क्लब एवं वरिष्ठ पत्रकार व अतिविशिष्ट अतिथि: डॉ. वणिका शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय महिला मंच रहीं।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा- पाकिस्तान द्वारा भारत की आंतरिक सुरक्षा पर निरंतर घातक हमला किया जा रहा है। 1947 से लेकर 2025 तक, हर दशक में पाकिस्तान ने भारत पर हमले किए। 1947 का कबायली हमला, 1965 का युद्ध, 1971 का युद्ध, 1999 का कारगिल, संसद पर हमला, मुंबई 26/11, उरी, पुलवामा… और इनके बीच सैकड़ों आतंकी हमले, नकली नोट, ड्रग्स, हथियारों की तस्करी और अलगाववादी आंदोलनों को खाद-पानी देना। ये कोई छिटपुट घटनाएँ नहीं हैं, ये एक सुनियोजित रणनीति है, भारत को अंदर से खोखला करने की। पाकिस्तान की सेना और उसकी खुफिया एजेंसी ISI ने हमारे बलूच भाइयों की आवाज़ को दबाने के लिए जो जुल्म ढाए हैं, वही जुल्म वो हमारे पंजाब, जम्मू-कश्मीर और अब उत्तर-पूर्व तक पहुँचाना चाहते हैं। खालिस्तान का ज़हर, कश्मीर में पत्थरबाज़ी, मणिपुर-नागालैंड में हथियारों की सप्लाई – सबके पीछे एक ही हाथ है – पाकिस्तान का। सिखों, पठानों, बलोचों और दुनिया के हर स्वतंत्रता-प्रेमी समुदाय के समर्थन में खड़े होने का दम भरने वाला पाकिस्तान अपने ही घर में अल्पसंख्यकों को कुचल रहा है। और यही पाकिस्तान भारत में आकर हमें धर्म के नाम पर बाँटने का षड्यंत्र रचता है। पाकिस्तान को संदेश स्पष्ट है, जितना तुम भारत को तोड़ने की कोशिश करोगे, उतना ही भारत एकजुट होकर खड़ा होगा। हमारी सेना सीमा पर जवाब दे रही है, हमारी जनता अंदर से जवाब देगी। पाकिस्तान केवल भारत के लिए ही नहीं विश्व के अन्य देशों के लिए भी खतरा है, आतंकवाद को बढ़ावा देने के चलते उसे अमेरिका जैसे देश अपना हित साधने उपयोग कर रहे। पाकिस्तान में लोकतंत्र से बनी सरकारों पर सेना कब्जा हासिल कर लेने से वहां के लोगों को दिक्कतें होती हैं। पाकिस्तान में आंतरिक लड़ाइयां है, जिसके चलते वह टुकड़ों में बंट जाएगी, ऐसा विशेषज्ञ कहते हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच बिलासपुर चैप्टर के अध्यक्ष गौरव सिंघल व उनकी टीम द्वारा किया गया।