तेंदुए का आतंक, मुर्गे का किया LIVE शिकार – लाइव वीडियो वायरल होने से इलाके में मचा हड़कंप ..!!


डेस्क खबर ./ कांकेर जिले से वन्यजीवों के आतंक की एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोकड़ी राइस मिल परिसर में देर रात भोजन की तलाश में तेंदुआ घुस आया। यहां उसने खुले में बंधे एक मुर्गे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। इस पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बेखौफ तेंदुए से बचने के लिए मुर्गा इधर उधर भागता है चीखता चिल्लाता है लेकिन तेंदुआ आखिरकार उसे अपना शिकार बनाने में कामयाब हो जाता है ।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेंदुआ राइस मिल क्षेत्र में कई दिनों से घूमते हुए देखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी तेंदुआ घरों के आसपास पालतू कुत्तों का शिकार कर चुका है। अब खुलेआम मुर्गे पर हमला करने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लगातार भालू और तेंदुए की दहशत से ग्रामीण दहशत में हैं और इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है । वन विभाग को इस घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारी ग्रामीणों से रात में सतर्क रहने और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की अपील कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों में भोजन की कमी और मानव बस्तियों के नजदीक बढ़ते निर्माण कार्यों के कारण वन्यजीव गांव की ओर रुख कर रहे हैं। फिलहाल ग्रामीण दहशत में हैं और वन विभाग पर सुरक्षा की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।