

डेस्क खबर ../, अंबिकापुर जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र के टाइगर पॉइंट में 19 हाथियों का दल इन दिनों सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के रिहायसी क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। यह हाथियों का दल लगातार जंगल से निकलकर बस्तियों के करीब पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है। दो दिन पूर्व यही दल मैनपाट के बंदना गांव में घुस आया था, जहाँ इन हाथियों ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया था। घरों की दीवारें तोड़ी गईं और अनाज का भंडारण नष्ट कर दिया गया, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है। कर्मचारियों की ओर से हाथियों के मूवमेंट को मॉनिटर किया जा रहा है और स्थानीय लोगों को चेताया जा रहा है कि वे इनसे दूर रहें। पर्यटकों को भी टाइगर पॉइंट क्षेत्र में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति हाथियों के नजदीक जाने की कोशिश न करे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
