डेस्क खबर

दार्जिलिंग में कोहिनूर का जलवा, जीता MT-200 टेनिस टूर्नामेंट का खिताब



डेस्क खबर./दार्जिलिंग में आयोजित इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) के प्रतिष्ठित MT-200 मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ टेनिस खिलाड़ी कोहिनूर गोवर्धन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युगल वर्ग में खिताबी जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट 24 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चला, जिसमें देशभर के अनुभवी खिलाड़ी शामिल हुए थे।

कोहिनूर ने अपने जोड़ीदार विकास बिनानी के साथ मिलकर शानदार तालमेल दिखाया और टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी — सतीश कन्नन और संजय रे — को फाइनल में हराकर सभी को चौंका दिया। फाइनल मैच बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें कोहिनूर-विकास की जोड़ी ने पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया, दूसरा सेट 2-6 से गंवाया, लेकिन निर्णायक सुपर टाईब्रेक में 10-4 की निर्णायक बढ़त लेकर मैच और खिताब दोनों पर कब्जा जमा लिया।



यह कोहिनूर गोवर्धन का पहला मास्टर्स टेनिस खिताब है, जिसे लेकर पूरे छत्तीसगढ़ के टेनिस समुदाय में उत्साह की लहर है। जिला टेनिस संघ एवं राज्य टेनिस संघ ने कोहिनूर को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुँचने की शुभकामनाएँ दी हैं।

कोहिनूर की यह जीत न सिर्फ उनके वर्षों के समर्पण और मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि वरिष्ठ खिलाड़ियों में भी मुकाबले की ऊर्जा और जीत का जज़्बा बरकरार रहता है। यह जीत प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

error: Content is protected !!