

डेस्क खबर…छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों के एक दल का दंपति पर हमले का खौफनाक वीडियो सामने आया है। इस हमले मे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना फुलवार गांव की है, जहां देर शाम मवेशी बांधने गए दंपति पर अचानक हाथियों ने हमला कर दिया। हाथियों के रौद्र रूप को देख ग्रामीण भी भयभीत है।
हमले में महिला को हाथियों ने पटक दिया, जिससे उसका एक हाथ शरीर से अलग हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि पति भी गंभीर रूप से घायल है। दोनों को रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से महिला को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने वन विभाग को हाथियों के आने की सूचना दी थी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।फुलवार गांव और आसपास के इलाकों में हाथियों के आतंक से लोग डरे हुए हैं।