न्यायधानी की ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था: समाधान की दरकार..! जागरूक नागरिको ने दिये सुझाव.. ।


जनता की कलम से,
डेस्क खबर../ बिलासपुर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के उच्च अधिकारी इस समस्या से बेखबर नजर आते हैं। शहर में यातायात की बिगड़ती स्थिति से आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित वाहन पार्किंग, अनियंत्रित ऑटो-रिक्शा, बसों की मनमानी और भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही ने हालात बदतर बना दिए हैं।
संभावित समाधान:
1️⃣ भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रतिबंध
मुख्य बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चार पहिया व तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही इन इलाकों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती अनिवार्य हो।

2️⃣ परिवहन व्यवस्था में सुधार
शहर में ऑटो-रिक्शा और बसों को निर्धारित स्टॉपर के जरिए संचालित किया जाए। मनमाने किराए को रोकने के लिए किराया सूची वाहनों में चस्पा की जाए। ऑटो-रिक्शा चालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य किया जाए और प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग-अलग रंग के ऑटो निर्धारित किए जाएं, जिससे यात्री सुविधा में सुधार हो।
3️⃣ भारी वाहनों पर नियंत्रण
स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और व्यस्ततम समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। ऐसे वाहनों की वजह से कई सड़क दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ है।
4️⃣ ट्रैफिक प्रहरी योजना
शहर में “ट्रैफिक प्रहरी” योजना लागू कर जागरूक नागरिकों को यातायात व्यवस्था सुधारने में शामिल किया जाए। इन्हें उचित प्रशिक्षण देकर प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात किया जा सकता है।
5️⃣ पार्किंग व्यवस्था में सुधार
शहर में मल्टी-लेवल पार्किंग विकसित की जाए और इसे निशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराया जाए। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाए।
6️⃣ ट्रैफिक सिग्नल और पेट्रोलिंग
बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को तत्काल ठीक किया जाए और हर सिग्नल पर ट्रैफिक प्रहरी की तैनाती हो। शहर में “बाइक पेट्रोलिंग” शुरू कर गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
7️⃣ आवारा मवेशियों पर नियंत्रण
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवारा मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाई जाए। साथ ही, उनके मालिकों की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, ताकि अव्यवस्था पर रोक लगाई जा सके।
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन को मिलकर शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। जागरूक नागरिकों, ट्रैफिक प्रहरी और प्रशासन के सहयोग से न्यायधानी को एक सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात प्रणाली प्रदान की जा सकती है।