डेस्क खबर

उचित मूल्य दुकानदारों के समर्थन में विधायक प्रणव मरपच्ची और जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, कमीशन वृद्धि का भरोसा




डेस्क खबर ../गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के केवंची स्थित भैरोसांग नर्सरी में शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ छत्तीसगढ़ की प्रादेशिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में उचित मूल्य दुकान संचालक शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रणव मरपच्ची और विशिष्ट अतिथि समीरा पैकरा रहीं। अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवर्षभाई सापरिया ने की, जबकि संचालन विजय कुमार धृतलहरे ने किया।



बैठक में लगभग 14,500 राशन दुकानदारों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उनका कहना था कि वे प्रदेश के करीब 81 लाख परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचा रहे हैं, लेकिन पिछले 21 वर्षों से उन्हें बेहद कम कमीशन मिल रहा है। वर्तमान में चावल पर मात्र 30 रुपये प्रति क्विंटल और शक्कर पर 5 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है, जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है।



दुकानदारों ने कमीशन दर को बढ़ाकर कम से कम 250 रुपये प्रति क्विंटल करने, ट्रांसपोर्टिंग व तौल में होने वाले नुकसान की भरपाई तथा लंबित भुगतान समय पर करने की मांग रखी। बढ़ते आर्थिक दबाव को लेकर उन्होंने नाराजगी भी जताई।


दुकानदारों के आक्रोश को देखते हुए विधायक प्रणव मरपच्ची और जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री और संगठन मंत्री पवन साय से चर्चा कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है।.



जिला खाद्य अधिकारी ने भी समस्याओं को स्वीकारते हुए वेयरहाउस व ट्रांसपोर्टिंग की जांच तथा हैंडलिंग लॉस पर प्रस्ताव तैयार करने की बात कही।

बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए नई नियुक्तियां भी की गईं और पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।
बैठक में नाराजगी स्पष्ट दिखी, लेकिन आश्वासनों के बाद अब सभी की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है।

error: Content is protected !!