टहलने निकले तहसीलदार से चाकू की नोक पर लूट, पुलिस ने दर्ज किया मामला…!


डेस्क खबर…/ छत्तीसगढ़ मे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां तहसीलदार को चाकू दिखाकर लूट का शिकार बनाया गया। घटना बालोद शहर के मधु चौक स्थित स्टेट बैंक के पास की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालोद के तहसीलदार आशुतोष शर्मा शाम को टहलने निकले थे। इसी दौरान एक ऑटो में सवार चार अज्ञात लोगों ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोका और ऑटो में बैठने के लिए कहा। जैसे ही तहसीलदार ऑटो में बैठे, आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनके पैंट की जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में कुल 6500 रुपये नकद के साथ-साथ उनके महत्वपूर्ण पहचान पत्र भी मौजूद थे।
लूटपाट के बाद आरोपियों ने तहसीलदार को ऑटो से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और फरार हो गए। घटना के बाद तहसीलदार आशुतोष शर्मा ने तत्काल बालोद थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ऑटो सवार चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।