CG NEWS – वन विभाग पर गंभीर आरोप: भालू की संदिग्ध मौत पर लापरवाही, बिना पोस्टमार्टम किये दफनाया शव..! 24 दिन बाद भी अधिकारियों को नही लगी भनक..


डेस्क खबर…/ बालोद से वन्य प्राणी संरक्षण को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जिस वन विभाग पर वन्य प्राणियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के कर्मचारियों पर अब गंभीर आरोप लगे हैं। मामला बालोद वन परिक्षेत्र के हर्राठेमा सर्किल के कल्लोबाहरा तांदुला डुबान क्षेत्र का है, जहां एक भालू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

24 फरवरी को तांदुला डुबान क्षेत्र में मछली पालन कार्य की निगरानी कर रहे चौकीदारों ने तांदुला बांध में एक भालू का शव संदिग्ध हालत में देखा। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वनकर्मियों ने शव को अपने कब्जे में लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि वन्य प्राणी अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करते हुए भालू के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे दफना दिया गया। और इस लापरवाही की भनक अधिकारियों तक को नही लगी और ना ही लापरवाह कर्मचारियों ने भालू की मौत की जानकारी अधिकारियों को देना उचित समझा i

सूत्रों के अनुसार, शव को दफनाने से पहले भालू के पैरों के नाखून भी निकाले गए थे, जिससे वनकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। शव को दफनाए गए स्थल के पास भालू के बाल भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।

इस घटना को हुए 24 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन क्षेत्र के डीएफओ , एसडीओ को इस मामले की जानकारी तक नहीं थी, जिससे प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई है।
अब डीएफओ ने पूरे मामले में जांच टीम गठित कर दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है। घटना के बाद स्थानीय लोग वन विभाग की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।