डेस्क खबरबिलासपुर

रेलवे सुरक्षा बल ने 24 घंटे में पकड़ा अंतर्राज्यीय पेपर गैंग.., छह लाख रुपये के चोरी हुए आभूषण बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार..!
सीसीटीवी और आधुनिक तकनीक की मदद से बिहारी गैंग का हुआ पर्दाफाश..

डेस्क खबर../ बिलासपुर की रेलवे सुरक्षा बल (RPF), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर ने ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय पेपर गैंग के पांच आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। चोरी हुए करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी बरामद किए गए।रेलवे सुरक्षा बल की अपराध गुप्तचर शाखा द्वारा ट्रेनों में हो रही सामान चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। 07 फरवरी 2025 को गाड़ी संख्या 58214 (टिटलागढ़ पैसेंजर) में एक महिला यात्री के बैग से 7 तोला सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत रेल मदद के माध्यम से दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने रायगढ़ जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में अपराध गुप्तचर शाखा की टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक तकनीकों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। 08 फरवरी 2025 को किरोड़ीमल नगर, रायगढ़ में छापा मारकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



चोरी का तरीका

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे लोकल और पैसेंजर ट्रेनों में अकेली महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे अपना सामान ट्रेनों के लगेज कैरियर में रखती थीं, जिसे चुराने के लिए गिरोह एक विशेष रणनीति अपनाता था। एक सदस्य पीड़िता से बातचीत शुरू करता था।दूसरा सदस्य अखबार का उपयोग कवर के रूप में करता था। तीसरा सदस्य स्क्रूड्राइवर से ट्रॉली बैग का जिप खोल कर कीमती सामान चुरा लेता था।चोरी के बाद, वे फेविक्विक और वैसलीन से बैग की जिप को सील कर देते थे ताकि पीड़िता को अगले स्टेशन तक चोरी का पता न चल सके।
गिरफ्तार आरोपी और उनका विवरण:
1. चतुरी मंडल, उम्र- 52 वर्ष, निवासी- बरेला बासा, थाना- बरियारपुर, जिला- मुंगेर (बिहार)
2. कृष्ण कुमार राज, उम्र- 20 वर्ष, निवासी- वार्ड नं 08, मीरगंज, थाना- गोगरी, जिला- खगड़िया (बिहार)
3. सतीश कुमार महतो, उम्र- 38 वर्ष, निवासी- बरेला बासा, थाना- बरियारपुर, जिला- मुंगेर (बिहार)
4. रबीन कुमार मंडल, उम्र- 24 वर्ष, निवासी- बरेला बासा, थाना- बरियारपुर, जिला- मुंगेर (बिहार)
5. दीपक मंडल, उम्र- 35 वर्ष, निवासी- परिया, थाना- बरियारपुर, जिला- मुंगेर (बिहार)
रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपियों को जीआरपी रायगढ़ को जप्त सामान के साथ सुपुर्द कर दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल लगातार ऐसे अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रहा है। विगत माह में भी एक पेपर गैंग गिरोह को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया गया था।

error: Content is protected !!