



डेस्क खबर बिलासपुर../ खेल की दुनिया में बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम अब राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहा है। शहर के होनहार राइफल शूटर सौरभ प्रताप सिंह ने भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया Open शूटिंग चैंपियनशिप के राइफल शूटिंग इवेंट में 600 में से 594 अंकों का एक बेहद मजबूत और उत्कृष्ट स्कोर हासिल किया है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ ही सौरभ ने प्री-नेशनल में 594/600 का स्कोर कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता (National Championship) के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बिलासपुर से निकलकर देश के शीर्ष निशानेबाजों के बीच जगह बनाने वाले सौरभ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर (International Level) पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।
सौरभ का स्टेट से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक का यह सफर उनकी कड़ी मेहनत, निरंतरता और सधे हुए निशाने की एक बेहतरीन मिसाल है। इस शानदार सफर की शुरुआत छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप से हुई थी, जहां उन्होंने दो पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था और उन्हें प्रदेश के डीजीपी श्री अरुण देव गौतम द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया था। राज्य स्तर पर सफलता का झंडा गाड़ने के बाद उनका अगला पड़ाव आसनसोल, पश्चिम बंगाल में आयोजित 10वीं ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप था। इस बड़े रीजनल कंपटीशन में भी सौरभ ने दबाव को मात देते हुए राइफल शूटिंग में बेहतरीन स्कोर किया और आगे प्रतिष्ठित जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
अपनी इसी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए सौरभ ने नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा 5 अक्टूबर से आयोजित ऑल इंडिया ओपन चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और 594 अंकों का अविश्वसनीय स्कोर खड़ा कर नेशनल चैंपियनशिप का टिकट हासिल किया। लगातार मिल रही इन जीतों ने सौरभ को राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख चेहरा बना दिया है। अब उनकी नजरें सिर्फ नेशनल मेडल पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए खेलने और ओलंपिक के मंच तक पहुंचने पर टिकी हैं। इसके लिए वे बिलासपुर में ही कड़ा अभ्यास और विशेष मानसिक तैयारी कर रहे हैं।
इस गौरवपूर्ण सफर पर सौरभ प्रताप सिंह ने कहा, “स्टेट से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक का यह सफर बहुत ही सीखने वाला और शानदार रहा है। हर प्रतियोगिता के साथ मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व नेशनल स्तर पर करना मेरे लिए गर्व की बात है, और अब मेरी पूरी तैयारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए मेडल जीतने की है।”
सौरभ प्रताप सिंह का समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा है, उनका सामाजिक कार्यक्रमों में भी विशेष झुकाव रहा है, जिससे उन्हें सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ छत्तीसगढ़ के संगठनमंत्री का दायित्व भी दिए गए हैं। उन्होंने अपनी इस बड़ी सफलता से जिला एवं प्रांत के खेल प्रेमियों के साथ-साथ समाज को भी गौरवान्वित किया है। महासंघ उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
