नौकरी के नाम पर ₹1.90 लाख की ठगी का आरोप, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री अभिषेक पाण्डेय के खिलाफ SP से शिकायत




डेस्क खबर ../ बलौदाबाजार में नौकरी लगाने के नाम पर ₹1 लाख 90 हजार लेने का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता शेखर निर्मलकर ने जांजगीर-चांपा भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिषेक पाण्डेय के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बलौदाबाजार की एक दुकान में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले ₹1 लाख और बाद में ₹90 हजार लिए गए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई गई। रकम वापस करने के लिए दिया गया ₹90 हजार का चेक भी बाउंस हो गया।
शिकायत के मुताबिक, 2 जुलाई 2025 को अभिषेक पाण्डेय के भाई प्रशांत पाण्डेय के बैंक खाते में ₹50-₹50 हजार की दो ऑनलाइन किस्तों में कुल ₹1 लाख ट्रांसफर किए गए। इसके बाद एक सप्ताह में नौकरी और जॉब लेटर देने की बात कही गई, लेकिन करीब एक महीने बाद भी नौकरी नहीं लगी।



शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में अधिकारियों द्वारा अतिरिक्त रकम मांगे जाने की बात कहकर 31 अक्टूबर 2025 को ₹90 हजार और लिए गए। इस तरह कुल ₹1 लाख 90 हजार देने का दावा शिकायत में किया गया है।


नौकरी नहीं लगने पर जब शिकायतकर्ता ने रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उसे लगातार आज-कल में भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। शिकायत के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को ₹90 हजार का चेक दिया गया, जिसे 6 मार्च को यूनियन बैंक बलौदाबाजार शाखा में जमा करने पर 7 मार्च को पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि उसने 13 जुलाई 2026 को सिटी कोतवाली डेसबलौदाबाजार में आवेदन दिया था, लेकिन उसके अनुसार न तो आवेदन की पावती दी गई और न ही कार्रवाई हुई। अब एसपी से शिकायत कर पूरे मामले की जांच, कानूनी कार्रवाई और ₹1 लाख 90 हजार की राशि वापस दिलाने की मांग की गई है। फिलहाल यह पूरा मामला शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
